भागलपुर, मई 03 -- बिहार में भागलपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्व. प्रवीण सिंह कुशवाहा का शरीर रविवार को पंच तत्व में विलीन हो गया।

श्री कुशवाहा के पुत्र शानू कुमार ने उन्हें मुखाग्नि दी।

भागलपुर के बरारी क्षेत्र में श्मशान घाट पर उत्तर वाहिनी गंगा के किनारे आज उनके पार्थिव शरीर को बिहार एवं झारखंड के कई दिग्गज कांग्रेसी नेताओं ने नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।

झारखंड के मंत्री दीपिका सिंह पांडे, संजय यादव तथा भागलपुर के पूर्व विधायक अजित शर्मा वहां पहुंचे और स्व. कुशवाहा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इसके पहले उनके पार्थिव शरीर के भागलपुर पहुंचते ही स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमलोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और सभी ने स्थानीय कांग्रेस भवन में रखे उनके पार्थिव शरीर का दर्शन किया।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली से पटना लौटने के क्रम में उत्तर प्रदेश के कन्नौज शहर के पास उनकी कार के दुघर्टनाग्रस्त होने के कारण श्री कुशवाहा की दर्दनाक मौत हो गई थी।

स्व कुशवाहा की गिनती बिहार कांग्रेस के बड़े नेताओं में होती थी। हाल ही में उन्हें भागलपुर का जिलाध्यक्ष बनाया गया था।

इसके पहले वे प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सदस्य रह चुके थे।पिछले साल उन्होंने जिले के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के रुप में विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित