झुंझुनू , अगस्त 01 -- राज्यसभा सांसद एवं राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा के बयान पर तंज कसते हुए कहा है कि कांग्रेस नेताओं ने अपनी नीति और व्यवहार के कारण जनता का विश्वास खो दिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा था कि कांग्रेस में व्यक्ति विशेष की ब्रांडिंग नहीं चलेगी और व्यक्तिवाद की वजह से पार्टी को पहले भी नुकसान उठाना पड़ा है।

डॉ. पूनियां ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस के भीतर चार-चार गुट बन चुके हैं और संगठन पूरी तरह कमजोर नजर आ रहा है। यहां कांग्रेस नेता जिस तरीके का काम कर रहे हैं, अपने आप ही कांग्रेस के लिए भस्मासुर साबित होंगे। संगठन उनका है नहीं, चार-चार खेमे बने हुए हैं। कौन क्या करेगा, किसी को पता नहीं है। पहले ये लोग नारों और वोट बैंक की राजनीति करते थे, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है।

डॉ. पूनिया शनिवार को राजस्थान में झुंझुनू जिले के कमालसर गांव में पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार की माताजी के निधन पर शोक व्यक्त करने आये थे। उन्होंने शोकसभा में शामिल होकर परिजनों को सांत्वना दी।

शोकसभा के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आतंकवाद, निकाय चुनाव और हालिया राजनीतिक घटनाक्रम पर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले पर डॉ. पूनियां ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आतंकवाद कांग्रेस की दी हुई इतनी पुरानी समस्या है, जिसका क्रमिक रूप से समाधान भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने समय-समय पर किया है।

उन्होंने कहा कि कारगिल से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भाजपा सरकारों ने देश को सुरक्षा के प्रति भरोसा दिलाने का काम किया है। आतंकवाद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, लेकिन मोदी सरकार नक्सलवाद और आतंकवाद दोनों को जड़ से समाप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और प्राथमिकता के साथ काम कर रही है।

जंतर-मंतर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हुई अभद्र टिप्पणी को लेकर पूछे गये सवाल पर डाॅ पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री के ताजा वक्तव्य के बाद इस विषय पर कुछ कहने की आवश्यकता नहीं रह गयी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने बयान से लोकतंत्र की गरिमा को और मजबूत किया है और देश और दुनिया के सामने अपने व्यक्तित्व की विराटता का परिचय दिया है।

आगामी निकाय और पंचायती राज चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और राजस्थान सरकार की उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जायेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा विकास और सुशासन के मुद्दों पर चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित