चुरु , मई 14 -- राजस्थान में चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस से मुठभेड़ में कांग्रेस नेता के घर गोलीबारी करने वाला एक बदमाश घायल हो गया जबकि दूसरे काे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे दो बदमाश मोटर साइकिल पर कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद राजेंद्र बबेरवाल के घर पहुंचे। उन्होंने पहले वीडियो कॉलिंग के जरिए उनके घर की पहचान की। फिर मुख्य द्वार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। पुलिस ने बताया कि 12 से ज्यादा चक्र गोलियां चलाई गई। दीवारों पर गोलियों के निशान और सड़क पर खाली कारतूस बिखरे पड़े मिले।

पुलिस ने बताया कि गोलीबारी करके भागते हुए दोनों बदमाशों को पुलिस ने रतनगढ़ से तारानगर मार्ग पर घेर लिया। पुलिस की नाकाबंदी और जिला विशेष दल (डीएसटी) के पीछा करने के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर भी गोलियां चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश अनमोल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे चूरु के राजकीय भरतिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके साथी रोहित को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी पंजाब के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई थी। इसी दौरान संदिग्ध मोटर साइकिल सवारों को देखते ही पुलिस दल ने उनका पीछा करना शुुर कर दिया। अंत में मुठभेड़ हो गई।

घटना के बाद रतनगढ़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस उपाधीक्षक इंसार अली और वृत्त निरीक्षक गौरव खिड़िया के नेतृत्व में जांच शुरू की गई।

कांग्रेस नेता राजेंद्र बबेरवाल न सिर्फ वार्ड 21 के पार्षद हैं, बल्कि सम्पत्ति कारोबारी भी हैं। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित