सहारनपुर , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कांग्रेस नेताओं ने पिछले चार दिनों से पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को कथित रूप से हाउस अरेस्ट किए जाने का मुद्दा उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन से इस कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा के नेतृत्व में शुक्रवार को पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस लाइन पहुंचकर एसएसपी अभिनंदन से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए मामले में हस्तक्षेप का अनुरोध किया।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल तथा महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने कहा कि सहारनपुर एक शांतिप्रिय जनपद है और यहां ऐसा कोई कार्य नहीं होता जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। इसके बावजूद पिछले तीन-चार दिनों से कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को लगातार हाउस अरेस्ट किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के कारण पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने एसएसपी से इस व्यवस्था की समीक्षा कर स्थिति को सामान्य बनाने की मांग की। इस पर एसएसपी अभिनंदन ने मामले की समीक्षा कर शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने एसएसपी को पार्टी के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई (शनिवार) को जिला कांग्रेस किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बेहट में शांतिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करेगी तथा महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन के माध्यम से सौंपेगी।

प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य चौधरी मुजफ्फर अली, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, जिला उपाध्यक्ष (संगठन प्रभारी) नितिन शर्मा, सेवादल जिलाध्यक्ष इमरान कुरैशी तथा जिला सचिव मनिंदर राणा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित