बेंगलुरु , जून 13 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता डीवी सदानंद गौड़ा ने कांग्रेस पर चुनावी फायदे के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कहा कि केंद्र ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए हैं।

श्री गौड़ा ने संवाददाताओं से कहा कि नीट मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं के बार-बार हमले का मकसद असली चिंताओं को दूर करने की बजाय छात्रों और अभिभावकों के बीच भ्रम पैदा करना है। उन्होंने अनियमितताओं के आरोप सामने आने पर श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के द्वारा तुरंत कार्रवाई करने और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के आयोजन में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा, "नीट एक ऐसा मुद्दा है जो लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा है। इसे राजनीतिक हथियार नहीं बनाया जाना चाहिए। केंद्र ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए हैं।"श्री गौड़ा ने सरकार द्वारा गलत कामों को रोकने और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए किए जा रहे सुधारों और सांस्थानिक उपायों के बावजूद विपक्ष के जरिए इस विवाद का फायदा उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप की बजाय छात्रों के हितों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित