नयी दिल्ली , अक्टूबर 05 -- कांग्रेस ने 'वोट चोरी' के खिलाफ 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देशव्यापी 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान चलाने, मतदाता सूची से हटाये गये नामों की जानकारी जुटाकर उन्हें बहाल कराने के लिए घर-घर संपर्क करने और एक नवंबर को दिल्ली में बड़ी रैली आयोजित करने का निर्णय लिया है।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल तथा संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने पार्टी महासचिवों, प्रभारियों तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों की सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में हुई बैठक के बाद यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बैठक करीब ढाई घंटे चली जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ ही विभिन्न नेताओं ने अपने विचार रखे। बैठक करीब दो घंटे चली जिसमें आठ अक्टूबर तक जिला स्तर पर प्रदर्शन कर 'सेफ डेमोक्रेसी मार्च' के जरिए 'वोट चोरी' के मुद्दे को उठाया जाएगा। आठ अक्टूबर को जिला स्तर पर प्रदर्शन होगा और फिर 10 से 20 अक्टूबर तक इसी तरह का प्रदर्शन प्रखंड स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता तथा बड़े नेता प्रखंड स्तर पर मार्च करेंगे और साइकिल यात्राएं होंगी। नवरात्र के दौरान पार्टी कार्यकर्ता समारोहों में पर्चे बांटकर लोगों को इस मुद्दे की जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देशभर में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान चलाया जाएगा जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची से हटाये गये लोगों के घर-घर जाकर उनके नामों की जानकारी जुटाएंगे और उन्हें वापस मतदाता सूची में शामिल कराने का प्रयास करेंगे। एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली होगी, जिसमें इंडिया गठबंधन के घटक दलों को आमंत्रित किया जाएगा। संविधान दिवस पर 25 और 26 नवंबर को 'दिल्ली चलो' यात्रा और 'देश बचाओ, वोट बचाओ' रैली के जरिए लोगों से दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया जाएगा। इस दौरान हटाये गये मतदाताओं के नाम बहाल कराने की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
श्री वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बैठक में पार्टी नेताओं को 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान को लेकर आक्रामक और निरंतर देशव्यापी अभियान चलाने के स्पष्ट निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया नहीं जाता और चुनाव व्यवस्था में सुधार नहीं होता।
उन्होंने कहा कि किसी का मताधिकार अवैध तरीके से छीनना राष्ट्रविरोधी कृत्य है और ज्ञानेश कुमार ने भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए ऐसा किया है। उन्होंने इसे देशद्रोह बताया और कहा कि इसमें शामिल सभी लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। उनका कहना था कि चुनाव आयोग 'चीटिंग कमीशन ऑफ इंडिया' बन गया है और कांग्रेस ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त की कुर्सी पर बने नहीं रहने देगी।
श्री रमेश ने कहा कि कांग्रेस करीब साढ़े 13 करोड़ उन मतदाताओं की जानकारी जुटा रही है जिनके नाम मतदाता सूची से हटाये गये हैं। देश में करीब 10 लाख बूथ हैं और प्रत्येक बूथ से हटाये गये नामों की जानकारी इस दौरान ली जाएगी। उन्होंने कहा कि साढ़े 13 करोड़ केवल आंकड़े नहीं हैं बल्कि इन लोगों की पहचान कर उनके मताधिकार को बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित