अजमेर , फरवरी 25 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि कांग्रेस देश के विकास में विरोधी रवैया अपना कर अपनी ही फजीहत करवा रही है।

बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर आए श्री राठौड़ ने 28 फरवरी को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे और सभा को सफल बनाने का आव्हान किया। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि देश में केंद्र की मोदी सरकार ने हर वर्ग का विशेष ध्यान रखते हुए विकास की गंगा बहाई है। देश का किसान खुश है। सरकार उसकी हर परेशानी में उसके साथ खड़ी है।

श्री राठौड़ ने कहा कि पहले किसान फसलों का सही मूल्य नहीं मिलने पर फेंकने को मजबूर हो जाता था, वहीं अब सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रहा है। उन्होंने मोदी की सभा में भीड़ को लेकर निजी बस संचालकों की हड़ताल को प्रभावहीन करार देते हुए कहा कि लोग अपने आप अपने प्रिय नेता को सुनने के लिए सभास्थल पर पहुंचेंगे।

श्री राठौड़ ने राज्य सरकार को राजस्थान में सुशासन लाने वाली सरकार बताते हुए कहा कि बजट में सर्वहारा वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाओं के साथ साथ करीब एक लाख युवाओं को रोजगार प्रदान किए हैं।

इससे पहले उन्होंने अजमेर में आयोजित भाजपा महिला मोर्चे के कार्यक्रम में शिरकत करके सरकार के जन कल्याण कार्यों से जनता को अवगत करवाने को नसीहत दी।

पुष्कर में भी श्री राठौड़ ने हनुमंत कथा में उपस्थिति दर्ज करवाते हुए बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद लिया और कहा कि इस तरह के आयोजन राष्ट्रवाद को मजबूत करते हैं।

इस मौके पर देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओम सिंह बढ़ाना, पूर्व जिला प्रमुख सरिता गेना,जिला अध्यक्ष रमेश सोनी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित