रांची , सितंबर 16 -- झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय के सभागार में पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने विधिवत् रूप से अपना कार्यभार संभाला।
कार्यभार संभालने से पहले नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने आदिवासी रीति रिवाज के तहत अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश कार्यालय में प्रवेश का अनुष्ठान कराया। पूजा अनुष्ठान का निर्वहन समाज के पारंपरिक मुख्य पाहन जगलाल पाहन तथा शिबू पाहन के नेतृत्व में 11 पाहनों ने मुख्य रूप से प्रकृति की शक्ति, ग्राम देवता और 'सरना माई' की पूजा की तथा विधि विधान से कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष को प्रवेश कराया। पाहन-पुजार ने आदिवासी रीति-रिवाज के तहत शुभ कार्य के लिए डंडा कट्टना अनुष्ठान कराकर कार्यालय प्रवेश कराया।
नेता प्रतिपक्ष सह झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पदग्रहण समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुझे विश्वास है कि सन्नी टोप्पो जनजाति समाज के बीच भाजपा के संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे। उन्होंने सन्नी से आग्रह करते हुए कहा कि अपनी टीम का गठन आप राज्य में 35 जनजाति समाज को साथ लेकर करें।
उन्होंने कहा कि समाज में कई समस्याऐं हैं जो हमारे लिए चुनौती है, यह चुनौती पारंपरिक नहीं है बल्कि कृत्रिम समस्या है। झामुमो और कांग्रेस के द्वारा वर्षो तक आदिवासी समाज को लूटा और ठगा गया है।
श्री मरांडी ने झामुमो और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड बहुत पहले ही झारखंड अलग राज्य बन जाता लेकिन कांग्रेस ने पैसे के बल पर आंदोलन को खरीदने का काम किया तो वहीं झामुमो ने आन्दोलन को बेचने का काम किया।
श्री मरांडी ने कहा कि भाजपा ने कहा था कि केंद्र में हमारी जब कभी भी सरकार बनेगी तो हम अलग झारखंड राज्य देंगे और भाजपा की अटल बिहारी वाजपेई की सरकार ने अपना वादा निभाया। इससे समझा जा सकता है कि आदिवासी समाज का असली हितैषी कौन है ? उन्होंने आदिवासियों एवम मूलवासियों की चिर परिचित मांग झारखंड़ अलग राज्य के गठन का श्रेय केंद्र की अटल बिहारी बाजपेयी जी को देते हुए कहा कि आदिवासी समाज को सही मायने में अगर किसी ने सम्मान दिया है तो वह भाजपा है। यहां के लोगों की भावनाओं की किसी ने कद्र की तो वह भाजपा ने किया है।
श्री मरांडी ने कहा कि आजादी के बाद से कभी कोई आदिवासी देश के सर्वोच्च पद प्राप्त नहीं किया था लेकिन भाजपा सरकार ने जनजाति महिला को देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति बनाकर सम्मान दिया है। 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस मनाने की घोषणा भाजपा ने की और देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जनजाति समाज के नेताओ के बारे में जानने का मौका आज देश को मिला है।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने सन्नी टोप्पो से आग्रह करते हुए कहा कि आप अपने समाज को साथ लेकर चलें और कार्य का विस्तार करें। सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के विचारों का गांव गांव तक प्रसार करें। संगठन को गढ़ने का काम करें और आगे बढ़े। 2029 में भाजपा की राज्य में सरकार बनाने की दिशा में काम करें।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि भाजपा समय-समय संगठन की मजबूती के लिए समाज के कर्मठ युवाओं को अवसर देती आयी है, इसके लिए उन्होंने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
समाज के मुख्य पाहन जगलाल पाहन ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को आशीर्वाद देते हुए कहा कि आप पार्टी के साथ साथ समाज को एकजुट और समृद्ध बनाने की दिशा में काम भी काम करें। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने पद ग्रहण समारोह को भावुक पल बताते हुए केंद्रीय नेतृत्व सह प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उंसके जैसे एक छोटे से कार्यकर्ता को संगठन में इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित