रांची , सितंबर 24 -- झारखंड के भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने कहा खबरों में बने रहने के लिए राहुल गाँधी अनर्गल बयानबाजी करते है।
प्रदेश में भी कांग्रेस और जेएमएम द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त एवं चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कांग्रेस-जेएमएम को किसी भी संवैधानिक संस्था पर भरोसा नहीं रह गया है।
श्री वर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग स्पष्ट कर चुका है कि निर्णय निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिए जाते हैं। किसी संस्था में सहयोगी सदस्यों की आपत्ति और उस पर चर्चा होना स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है।
श्री वर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और जेएमएम की परेशानी एसआईआर नहीं, बल्कि उनका खिसकता हुआ वोट बैंक है। वोट बैंक की राजनीति के लिए बाहर से आए लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने का आरोप झारखंड में लगातार सामने आता रहा है। एसआईआर में मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धिकरण की प्रक्रिया शुरू होने से विपक्ष बौखला गया है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस और जेएमएम चुनाव जीतते हैं, तब चुनाव आयोग उन्हें निष्पक्ष नजर आता है, लेकिन राजनीतिक नुकसान की आशंका होते ही वही आयोग उन्हें गलत दिखाई देने लगता है।
श्री वर्मा ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करने की प्रक्रिया है। कांग्रेस-जेएमएम को संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित