देहरादून, दिसंबर 26 -- पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ मनमोहन सिंह की पहली पुण्यतिथि पर कांग्रेस जनों ने शुक्रवार को देहरादून के राजपुर रोड स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पार्टी मुख्यालय पहुंचकर उनके चित्र मे माल्यार्पण करते हुए अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अपने दूरदर्शी नेतृत्व से मनमोहन सिंह ने भारत को आर्थिक रूप से सशक्त किया। राष्ट्र के लिए उनका योगदान कभी नहीं भुलाया जा सकता है। उनके नेतृत्व क्षमता की बदौलत राष्ट्र की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को मजबूती मिली।

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब भारत आर्थिक रूप से बड़ी विकट समस्याओं के दौर से गुजर रहा था, उस समय इकोनामी का ऐसा तांत्रिक सामने आया, जिसने देश को आर्थिक संकट से उबारा। उनकी देश के प्रति कर्मठता, और ईमानदारी सभी कांग्रेसियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगी।

आज देश में की आर्थिक स्थिति सिर्फ इसलिए टिकी हुई है, उसमें मनमोहन सिंह के विचार समावेश हैं। ऐसे महान अर्थशास्त्री को कांग्रेस जनों ने नतमस्तक होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित