जयपुर , फरवरी 21 -- राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस पर बहस से भागने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह चर्चा नहीं चाहती इसलिए सदन में हंगामा कर रही है।
श्री बेढ़म शनिवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से रूबरू होते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में अपने वक्तव्य के दौरान प्रदेश सरकार की दो वर्ष की विकास यात्रा का विस्तृत दस्तावेज सदन के पटल पर प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मात्र दो वर्षों में ऐसे उल्लेखनीय विकास कार्य किए हैं, जो पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार अपने पूरे पाँच वर्ष के कार्यकाल में भी नहीं कर पाई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि इस विषय पर विस्तृत चर्चा के लिए बहस की तिथि निर्धारित की जाए ताकि प्रदेश की जनता के सामने सरकार की उपलब्धियां और कार्य स्पष्ट रूप से रखे जा सकें। उन्होंने कहा कि इस दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं अन्य विपक्षी सदस्य भी सदन में मौजूद थे। उन्होंने भी अपने दस्तावेज प्रस्तुत करने की बात कही, किन्तु अब तक विपक्ष द्वारा कोई ठोस दस्तावेज सदन के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज के आधार पर प्रदेश के जनप्रतिनिधियों के बीच विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें अधिकांश विधायकों ने बहस के लिए अपनी सहमति व्यक्त की। इसके पश्चात विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (बीएसी) की बैठक में पक्ष एवं विपक्ष दोनों की उपस्थिति में विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बहस को लेकर सहमति बनी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार इस विषय पर पारदर्शी और तथ्यात्मक चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है लेकिन कांग्रेस बहस से भाग रही है, वे लोग चर्चा नहीं करना चाहते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित