बैतूल , जनवरी 31 -- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी जानबूझकर समाज में झूठ फैला रही है और ग्रामीणों को गुमराह कर रही है। उन्होंने यह टिप्पणी बैतूल स्थित भाजपा कार्यालय विजय भवन में आयोजित वीबीजी राम जी अभियान की जिला कार्यशाला में की।

खंडेलवाल ने कहा कि मनरेगा संशोधन को लेकर कांग्रेस भ्रम फैलाकर अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस ने कभी उनके विचारों का सम्मान नहीं किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वदेशी, खादी, स्वच्छ भारत और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों के जरिए गांधी जी के विचार धरातल पर उतारे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वीबीजी राम जी अधिनियम गांवों को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम है। इस अधिनियम में बेरोजगारी भत्ता, समय पर भुगतान न होने पर ब्याज और कृषि कार्यों के लिए श्रमिकों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में रोजगार योजनाएं भ्रष्टाचार और बंदरबांट का शिकार रहीं, जबकि मोदी सरकार ने वीबीजी राम जी के जरिए व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी झूठ फैलाकर जनता को भ्रमित करना चाहती है, लेकिन इस वैचारिक संघर्ष में सत्य की ही जीत होगी।

संभागीय संगठन प्रभारी कांतदेव सिंह ने कहा कि मनरेगा में मनमानी और भ्रष्टाचार सबने देखा है, अब जब उस पर प्रहार हुआ है तो कांग्रेस अफवाह फैला रही है। जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने बताया कि वीबीजी राम जी अधिनियम के तहत 100 दिन की जगह 125 दिन रोजगार मिलेगा और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री कमलेश सिंह ने किया, जबकि आभार किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष महेश्वर सिंह चंदेल ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला व मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित