जयपुर , अक्टूबर 07 -- राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि पंचायत चुनाव में सभी पंचायत समितियों एवं जिला परिषदों में कांग्रेस के प्रत्याशियों को जिताने के लिए एकजुटता के साथ पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को कार्य करना होगा।
श्री डोटासरा ने बुधवार को आगामी पंचायत राज संस्थाओं के चुनावों में प्रचार-प्रसार की रणनीति बनाने के लिये पीसीसी वार रूम में आयोजित प्रदेश कांग्रेस की कैम्पेन कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए यह आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने जिस प्रकार निकाय चुनावों में लोकतांत्रिक परम्पराओं के विपरीत जाकर पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग करते हुये कांग्रेस और कांग्रेस समर्थित पार्षदों एवं नेताओं के साथ दुर्व्यवहार करने का कार्य किया इसका मुकाबला मजबूती के साथ करना होगा।
उन्होंने कहा कि सभी जिलों में जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा जिले की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी जिसमें जिले के विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व विधायक, सांसद, सांसद प्रत्याशी, पंचायत राज संस्थाओं से संबंधित पूर्व जनप्रतिनिधियों, अग्रिम संगठनों तथा विभागों/प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को शामिल करते हुये पारदर्शिता के साथ प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया अपनानी होगी। श्री डोटासरा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तमाम पदाधिकारी तथा कैम्पन कमेटी के सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सभी जिलों में समय-समय पर आवश्यकतानुसार चुनाव प्रचार के लिए जायेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार के पास बताने के लिये कोई उपलब्धि नहीं है, वहीं कांग्रेस पार्टी ने जिस प्रकार ग्रामीण अंचल का विकास किया, दलित और पिछड़ों के लिये विकास की योजनायें बनाई, महिलाओं और युवाओं को सम्बल प्रदान करने के लिये पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने जो काम किया यह जनता के बीच ले जाना होगा।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश में लोकतंत्र और जनता के मताधिकार को बचाने की जो लड़ाई लड़ रहे हैं उसे आगे बढ़ाते हुये मजबूती के साथ पार्टी पंचायत चुनावों में विजय प्राप्त करने के लिये लड़ेगी और भाजपा को पंचायत चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित