कोटा , सितंबर 29 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर उनके बयानों को लेकर हमला बोलते हुए कहा है कि जब वह चुनाव हार जाती है तो वह संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाती है जबकि उसे इस तरह अनर्गल बयानबाजी के बजाय जमीन पर आकर काम करना चाहिए।

श्री शर्मा ने मंगलवार को कोटा में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि एक राज्य एक चुनाव के तहत चुनाव कराने का हमारा संकल्प था और इसका एक चरण निकाय चुनाव के रुप में पूरा हुआ और दूसरा चरण पंचायत चुनाव का होने वाला है।

उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले ढाई साल में लगातार हमारी सरकार ने जो काम किये हैं उससे प्रदेश की जनता पूरी तरह से संतुष्ट है और सब जानते हैं लेकिन कांग्रेस हमेशा संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाती है जब वह चुनाव हारती है जबकि उसके पास कोई प्रमाण नहीं हैं लेकिन कांग्रेस का काम आरोप लगाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कांग्रेस के लोगों को कहना चाहते हैं कि उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री को रोड शो नहीं करना चाहिए, कभी कहते है हमारे लोगों को भी रोड शो करना चाहिए तो वे कभी कुछ कभी कुछ कहते हैं, इससे कुछ नहीं होगा। उन्हें जमीन पर आकर काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस तरह से काम नहीं चलेगा और इस तरह के आरोपों को देश एवं प्रदेश की जनता सुनने वाली नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित