चंडीगढ़ , सितंबर 11 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने करीब 55 वर्षों तक देश पर शासन किया, लेकिन वह आज तक यह नहीं बता पाई कि उसके शासनकाल में कितने लोग गरीबी से बाहर निकले। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों से करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है।

पंचकूला में 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम का मुकाबला करने के लिए न कोई नीति है और न ठोस एजेंडा। इसलिए कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री को बदनाम करने के लिए दूसरों की लिखी स्क्रिप्ट लेकर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा और समर्पण को देख चुकी है।

श्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान गरीबों के आंकड़े तो रखे जाते थे, लेकिन कितने लोग गरीबी से बाहर निकले, इसका हिसाब नहीं था। प्रधानमंत्री ने गरीबों की गरिमा और जीवन स्तर को नीतियों के केंद्र में रखा। हरियाणा में करीब 16 लाख गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशभर में करीब 12 करोड़ शौचालय बनवाकर महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा दी। जब लाल किले से शौचालय निर्माण की बात कही गई, तब कांग्रेस ने इसका मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री का मजाक नहीं, बल्कि उन गरीब महिलाओं की गरिमा का मजाक उड़ाया, जिनके घरों में शौचालय तक नहीं थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित