गोरखपुर , जुलाई 17 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सरकार देश के युवाओं के भविष्य, श्रद्धालुओं की आस्था और आम जनता की जेब पर लगातार प्रहार कर रही है।
श्री पटेल ने यहां पत्रकारों से कहा कि आज का युवा, किसान और आम नागरिक खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को उठाते हुए कहा कि लाखों प्रतिभाशाली छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने मंदिरों से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। आस्था के नाम पर राजनीति करने वालों को जवाब देना होगा।
श्री पटेल ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण से उत्पन्न समस्याएं और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ का मुद्दा भी उठाया और कहा कि बिना पर्याप्त तैयारी के लागू की गई नीतियां जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही हैं।
इस दौरान गोरखपुर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश पांडेय ने भी कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और उनकी आवाज को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित