बारां , मई 21 -- नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को राजस्थान के जयपुर में प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय का घेराव करके केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसमें बारां से जिला कांग्रेस अध्यक्ष हंसराज मीणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन जयपुर पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव धर्मराज मेहरा ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले से लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। उन्होंने बताया कि बारां से कार्यकर्ता बसों, कारों और रेलगाड़ियों के जरिए जयपुर पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और मामले की उच्च स्तरीय केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की।

श्री मीणा ने कहा कि युवा अपने अधिकार और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहा है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी। धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधायक निर्मला सहारिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश वर्मा, शाहाबाद ब्लॉक अध्यक्ष धमेन्द्र यादव सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित