लखनऊ , मई 2 -- कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की तबीयत में तेजी से सुधार हो रहा है और उनको जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार शरीर में सोडियम की कमी के चलते श्री राय की तबीयत शुक्रवार शाम बिगड़ गयी थी जिसके कारण उन्हे मेंदाता अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। बताया जा रहा है कि लखनऊ में एक कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद वे अपने आवास लौटे थे, जहां उन्हें चक्कर आ गया और वे बेहोश हो गए। रक्तचाप से जुड़ी शिकायत के बाद उन्हें तत्काल मेदांता अस्पताल ले जाया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के अस्वस्थ होने की खबर पर चिंता जताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। श्री मोदी ने गुरुवार शाम एक्स पर लिखा कि उन्हें अजय राय के स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी मिली है और वे उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने बताया कि अजय राय शुक्रवार शाम अचानक अस्वस्थ हो गए, जिसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
गौरतलब है कि अजय राय ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। श्री मोदी ने उन्हें डेढ़ लाख से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया था। अजय राय उत्तर प्रदेश के पांच बार विधायक रह चुके हैं और 2023 में उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित