चंडीगढ़ , सितंबर 15 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में कांग्रेस के प्रदर्शन के चलते मंगलवार को शहर के कई हिस्सों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सेक्टर-15 की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

चंडीगढ़ पुलिस की ओर से प्रदर्शन को लेकर एक दिन पहले ही यातायात परामर्श जारी कर दिया गया था। पुलिस की टीमें यातायात मार्ग परिवर्तन करने और व्यवस्था संभालने में जुटी रहीं लेकिन इसके बावजूद सेक्टर-15 के आसपास कई मार्गों पर भारी जाम की स्थिति बनी रही।

जाम के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि राजनीतिक दलों को प्रदर्शन करने का अधिकार है लेकिन प्रदर्शन के कारण आम जनता को लंबे समय तक जाम में फंसकर परेशानी न उठानी पड़े, इसका भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

सेक्टर-15 में दोपहर के समय स्थिति अधिक प्रभावित नजर आई। कई वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते दिखाई दिए, जबकि पुलिसकर्मी ट्रैफिक को सामान्य करने के प्रयास में लगे रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित