रायपुर , अक्टूबर 28 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति और उसके आंदोलन के औचित्य पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी जनहित के मुद्दों से भटककर अराजकता पैदा करने की राजनीति कर रही है।
श्री चंद्राकर ने बुधवार को राजधानी रायपुर में यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस की स्थिति अभी क्षेत्रीय दल की है। कांग्रेस को अब किसी पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उच्चतम न्यायालय और चुनाव आयोग के हलफनामे पर भी प्रश्न उठाया है। कांग्रेस अराजकता पैदा करने के लिए राजनीति कर रही है। व्यापारी भी उस प्रदर्शन का विरोध कर रहे हैं।
दिल्ली आंदोलन को लेकर भाजपा की ओर से जारी पोस्ट, जिसमें लिखा गया है, "कृपया उन्हें भेजें, खरगे जी बोलेंगे तुम नहीं आओगे तो तुम्हारा बाप भी आयेगा", के संबंध में पूछे गए सवाल पर श्री चंद्राकर ने कहा कि खरगे की भाषा की देशव्यापी निंदा हुई। उसको यही दफन कर दिया जाए। इतना बड़ा वाक्यांश नहीं है कि रोज दोहराया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित