नयी दिल्ली , दिसंबर 28 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि कांग्रेस का आधार जोड़ने वाली विचारधारा है और जो इसके खत्म होने का सपना देखते हैं उनकी मुराद कभी पूरी नहीं होगी और उन्हें समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस की सोच जोड़ती है और भाजपा की तोड़ती है।
श्री खरगे ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा "आज स्थापना दिवस पर एक बात साफ कहना चाहता हूँ, जो कहते हैं 'कांग्रेस खत्म हो गई है' मैं उन्हें बताना चाहता हूँ, हमारे पास सत्ता कम हो सकती है, लेकिन हमारी रीढ़ अभी भी सीधी है। हमने समझौता नहीं किया, न संविधान से, न धर्मनिरपेक्षता से और न गरीब के हक से। हम सत्ता में न हों, लेकिन सौदेबाज़ी नहीं करेंगे।"उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं माँगा और न कभी मंदिर मस्जिद से नफरत फैलाई।कांग्रेस जोड़ती है जबकि भाजपा तोड़ती है। काँग्रेस ने धर्म को आस्था ही रखा पर कुछ लोगों ने धर्म को राजनीति बना दिया। आज भजपा के पास सत्ता है लेकिन उनके पास सच्चाई नहीं है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा तोड़ने का काम करती है और इसीलिए कभी आंकड़े छुपाए जाते हैं, कभी जनगणना रोकी जाती है, कभी संविधान बदलने की बातें होती हैं और जो लोग आज इतिहास पर भाषण दे रहे हैं, उनके पूर्वज इतिहास से भाग रहे थे। कांग्रेस विचारधारा है और विचारधाराएँ कभी मरती नहीं हैं।
श्री खरगे ने एक और पोस्ट में कहा कि 2025 महात्मा गाँधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी था, संविधान को स्वीकार किए जाने का 75 वर्ष था, वंदे मातरम् की 150वीं जयंती है जबकि 2026 का वर्ष दादाभाई नौरोजी की 200वीं जयंती, सरोजिनी नायडू के कांग्रेस अध्यक्ष बनने का शताब्दी वर्ष, 'झंडा ऊँचा रहे हमारा' गीत की भी शताब्दी है। यह गीत दिसंबर 1925 में कानपुर कांग्रेस अधिवेशन में पहली बार गाया गया था।
उन्होंने देश के लोकतंत्र की प्रशंसा करते हुए कहा कि 1947 में भारत की आज़ादी के आसपास दुनिया के कई देश आज़ाद हुए। कुछ देश विफल रहे तो कहीं तानाशाही छा गयी। केवल भारत ऐसा है जहां लोकतंत्र जीवंत है।कांग्रेस के महान नेताओं के कारण भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित