नयी दिल्ली , जुलाई 06 -- कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, परीक्षा तथा भर्ती के लिए नियमित कैलेंडर लागू करने की मांग करते हुए कहा है कि पेपरलीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।
कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के प्रभारी सचिव कन्हैया कुमार ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार ने देश की शिक्षा व्यवस्था को बदहाल कर दिया है। छात्रसंघ चुनाव नहीं ही रहे हैं, विश्वविद्यालयों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के लोगों की मनमानी चल रही है। उन्होंने छात्रों के सुझावों के आधार पर शिक्षा नीति में बदलाव की मांग की।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी देशभर के छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से संवाद कर रहे हैं तथा उनके सुझावों के आधार पर कांग्रेस जल्द ही एक 'एजुकेशन चार्टर' तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच हो और शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें।
कांग्रेस नेता ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार जरूरी है और युवाओं के लिए नियमित जॉब तथा परीक्षा- भर्ती का अकादमिक कैलेंडर जारी किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में छात्रसंघ चुनाव बंद किए जा रहे हैं, विश्वविद्यालय परिसरों में छात्रों की आवाज दबाई जा रही है और विशेष विचारधारा के लोगों की नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई संगठनात्मक चुनाव शुरू कर रही है और हर कॉलेज एवं विश्वविद्यालय परिसर में चुनाव के माध्यम से अपनी इकाइयों का गठन करेगी, ताकि छात्रों को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का मंच मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित