नयी दिल्ली , अक्टूबर 24 -- कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में पश्चिम मेदिनीपुर में एक महिला को निर्वस्त्र कर कथित तौर पर शुद्धिकरण करने की घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि उन्होंने इस संबंध में गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
श्री वेणुगोपाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के कुछ ही महीनों बाद हिंसा की नयी लहर देखने को मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटनाएं भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विभाजनकारी एजेंडे को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है।
कांग्रेस महासचिव ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में भाजपा और आरएसएस ने देशभर में ईसाइयों को डराने और प्रताड़ित करने का अभियान चलाया है। छत्तीसगढ़ में ननों की गिरफ्तारी और भाजपा शासित राज्यों में गिरजाघरों को अपवित्र करने की घटनाएं ईसाई समुदाय को निशाना बनाकर की जा रही हिंसा में वृद्धि दर्शाती हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 25 धर्म की स्वतंत्रता की गारंटी देता है और प्रस्तावना में बंधुता पर जोर दिया गया है लेकिन भाजपा का रवैया इन संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों पर हमले करने वालों को खुली छूट दी जा रही है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित