अनूपपुर , अक्टूबर 23 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने शुक्रवार को अनूपपुर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित जिला बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर आंदोलनों की आड़ में देश में अराजकता फैलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और उसकी राजनीति को जनता के सामने उजागर करेगी।
चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस चुनावी पराजय के बाद ईवीएम पर सवाल उठाती है और लोकतंत्र बचाने के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर प्रश्न खड़े करती है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों पर जनता के बीच जाकर तथ्यपरक संवाद करने और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने नक्सलवाद, माओवाद, आतंकवाद और घुसपैठ के विरुद्ध केंद्र सरकार की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्षी दल इन मुद्दों पर भी सवाल उठाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक लाभ प्राप्त करना नहीं, बल्कि देश और समाज के हित में कार्य करना है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने डिजिटल तकनीक के विस्तार, राष्ट्रीय सुरक्षा, स्वदेशी संसाधनों को प्रोत्साहन, गरीब कल्याण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को भाजपा सरकार के प्रमुख कार्यों में शामिल बताया। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जनसेवा, गरीब कल्याण तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय रहने की अपील की।
चंद्रशेखर ने विगत एक माह तक संचालित सेवा संकल्प अभियान में अनूपपुर जिले के प्रदेश स्तर पर 14वां स्थान प्राप्त करने पर कार्यकर्ताओं की सराहना की और संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। बैठक को संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया और जिला भाजपा अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने भी संबोधित किया।
बैठक में प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, विधायक एवं पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह, जिला प्रभारी संजय साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता, बृजेश गौतम, रामदास पुरी, राधाराम वैश्य सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित