फर्रुखाबाद , अगस्त 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फर्रुखाबाद से सांसद मुकेश राजपूत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति के कारण देश का विभाजन हुआ और उसके दुष्परिणाम आज भी देश भुगत रहा है।

'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के अवसर पर शुक्रवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री राजपूत ने कहा कि 15 अगस्त को देशवासी स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं, जबकि 14 अगस्त भारत विभाजन की पीड़ा को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन के कारण लाखों लोगों को विस्थापन, हिंसा और अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति और सत्ता की लालसा के कारण देश के विभाजन को स्वीकार किया गया, जिससे भारत की एकता और अखंडता को गहरा आघात पहुंचा। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी और उससे जुड़े संघर्षों को देश कभी नहीं भूल सकता तथा नई पीढ़ी को भी इस इतिहास से अवगत कराना आवश्यक है।

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह चौहान ने भारत विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के बंटवारे के दौरान लाखों लोगों को भारी कठिनाइयों और पीड़ा का सामना करना पड़ा। उन्होंने विभाजन के दौरान विस्थापित हुए लोगों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने की आवश्यकता पर बल दिया।

अमृतपुर के विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर के विधायक नागेंद्र सिंह राठौर तथा अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित