चंडीगढ़ , सितंबर 03 -- पंजाब कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति और घोषणापत्र को अंतिम रूप देने की तैयारियों के तहत पार्टी की घोषणापत्र समिति ने पंजाब एवं चंडीगढ़ जर्नलिस्ट्स यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में आयोजित हुई।

बैठक की अध्यक्षता घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष एवं सांसद डॉ अमर सिंह ने की। इस दौरान प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और डेस्क मीडिया से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के करीब 5,000 कार्यरत पत्रकारों की ओर से 13 सूत्रीय मांगों का चार्टर समिति के समक्ष रखा।

प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के कल्याण से जुड़े प्रावधानों की लंबे समय से हो रही अनदेखी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मौजूदा सुविधाओं का लाभ पत्रकार समुदाय के बड़े हिस्से तक नहीं पहुंच पा रहा है। पत्रकार यूनियन ने वार्षिक 12 हजार रुपये की पेंशन को हरियाणा मॉडल की तर्ज पर बढ़ाने, इसका लाभ सभी मान्यता प्राप्त फील्ड पत्रकारों के साथ-साथ डेस्क और संपादकीय कर्मचारियों तक पहुंचाने की मांग की। इसके अलावा स्वास्थ्य बीमा कवर को पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने और कैशलेस इलाज की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग रखी गयी।

अन्य प्रमुख मांगों में हरियाणा की तर्ज पर पत्रकारों को मुफ्त बस यात्रा, चंडीगढ़ सरकार के आवास कोटे को मौजूदा 15 से बढ़ाकर 50 आवासीय इकाइयां करना, सभी जिलों में पत्रकारों के लिए अलग आवासीय प्लॉट उपलब्ध करवाना और लंबित मान्यता कार्ड जल्द जारी करना शामिल रहा। यूनियन ने एक स्थायी मान्यता समिति गठित करने तथा पत्रकारों के खिलाफ राजनीतिक रूप से प्रेरित प्राथमिकी दर्ज किये जाने से पहले पुलिस अधीक्षक स्तर या उससे ऊपर के अधिकारी द्वारा अनिवार्य प्रारंभिक जांच करवाने की मांग भी रखी।

डॉ. अमर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि अगली सरकार बनने पर कांग्रेस इन जायज मांगों को अपनी नीतियों में शामिल करेगी और इनके क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलविंदर सिंह जम्मू और पंजाब एवं चंडीगढ़ जर्नलिस्ट्स यूनियन के अध्यक्ष जय सिंह छिब्बर ने किया। इस अवसर पर महासचिव संतोष गिल, चंडीगढ़ चैप्टर अध्यक्ष एवं राज्य कोषाध्यक्ष बिंदु सिंह, चंडीगढ़ प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष जगतार सिंह भुल्लर, जगसीर सिंह संधू, दविंदर सिंह भंगू, बलराज सिंह राजा, मोहिंदर पाल सिंह राय, निर्मल सिंह पंडोरी (बरनाला), अमरजीत सिंह बैंस (रोपड़) और पालविंदर सिंह और अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित