जयपुर , मई 20 -- राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष मदन राठौड़ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि कांग्रेस की जनता में लगातार घटती जा रही स्वीकार्यता से हाशिए पर पहुंची कांग्रेस को देखकर राहुल गांधी हताशा में घटिया शब्दावली पर उतर आए हैं।

श्री राठौड़ ने बुधवार को अपने बयान में कहा कि देश के प्रधानमंत्री के लिए अशोभनीय शब्दों का प्रयोग करने वाले श्री राहुल गांधी को मनोचिकित्सक को दिखवाना चाहिए। श्री मोदी के लिए उनका बयान हताशा की पराकाष्ठा है। इसके लिए जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है और आदर्श लोकतंत्र में इसे जनता स्वीकार्य नहीं करेगी।

श्री राठौड़ ने कहा कि श्री गांधी के इस कृत्य के लिए नागरिक बहिष्कार कर देना चाहिए। यह श्री गांधी के संस्कारों का अभाव ही है, जो देश को समृद्ध, विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अथक प्रयास कर रहे है, उनके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी के इसी रवैए के चलते देश की जनता ने उन्हें हाशिए पर पहुंचा दिया। बंगाल, पुडुचेरी सहित देश के अधिकांश राज्यों में कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई। राहुल गांधी ही नहीं, कभी सोनिया गांधी, तो कभी मणिशंकर अय्यर जैसे कांग्रेस के नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया लेकिन देश की जनता इन्हें लगातार हाशिए पर धकेल रही है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी के नेतृत्व को नकार चुकी है। कांग्रेस के कुछ नेता लगातार निम्न स्तर की शब्दावली का प्रयोग कर रहे हैं, जो भारतीय लोकतंत्र की गरिमा के अनुरूप नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने का काम किया है और भारत को दुनिया की बड़ी शक्तियों में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित