रांची , जुलाई 20 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एंड कम्यूनिकेशन विभाग एवं सोशल मीडिया विभाग की समीक्षा बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य सह झारखंड प्रभारी के. राजू ने सोमवार को मोराबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में बैठक की।

बैठक में दोनों विभागों द्वारा किए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। इसमें मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री राजू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर पूरी तरह गंभीर है। पिछले कई महीनों से पार्टी राज्यभर में इस अभियान पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने 21 हजार से अधिक बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए हैं। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता एसआईआर को लेकर पूरी तरह सजग और सक्रिय है।

श्री राजू ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट संकल्प है कि किसी भी पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार बिना किसी उचित कारण के छीना नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में षड्यंत्रपूर्वक मतदाता सूची से लोगों के नाम हटवाने का प्रयास किया है और अब झारखंड में भी वैसी ही कोशिश की जा रही है। लेकिन कांग्रेस का प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता पूरी सतर्कता के साथ इस प्रक्रिया पर नजर रखे हुए है तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम बेवजह मतदाता सूची से हटने नहीं देगा।

श्री राजू ने कहा कि देश के लोकतंत्र को मजबूत करने में कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ही युवाओं को मतदान का अधिकार दिया और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के नेतृत्व में मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई। राजीव गांधी का मानना था कि जब 18 वर्ष का युवा देश की सीमाओं पर जाकर राष्ट्र की रक्षा कर सकता है, तो उसे अपने मताधिकार का प्रयोग करने का भी अधिकार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने देश के युवाओं को मतदान का अधिकार दिलाया, उसी कांग्रेस का यह दायित्व भी है कि वह प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करे। कांग्रेस के कार्यकर्ता इसी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं।

प्रदेश मीडिया संयोजक डॉ. एम. तौसीफ ने बताया कि श्री राजू ने निर्देश दिया है कि मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग एसआईआर से संबंधित तथ्यों और कांग्रेस के पक्ष को अधिक से अधिक लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। साथ ही प्रत्येक माह की 3 तारीख को मीडिया एंड कम्यूनिकेशन विभाग की नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, मीडिया संयोजक किशोरनाथ सहदेव, डॉ. एम. तौसीफ, सोशल मीडिया विभाग के चेयरमैन गजेंद्र सिंह, रिंकू तिवारी, शकील अख्तर अंसारी, सुनील सिंह, ऋषिकेश सिंह, अख्तर अली, उज्ज्वल प्रकाश तिवारी, प्रशांत पांडेय, मनीष राज, राजीव नारायण प्रसाद, विजय नायक, आरती तथा जफर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित