नयी दिल्ली , अक्टूबर 05 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने सोमवार को केंद्र की मोदी सरकार पर अर्थव्यवस्था को लेकर हमला बोला और कहा कि सरकार 'क्रोनी कैपिटलिज्म' को बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा नीत सरकार की नीतियों से युवा, किसान, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारी परेशान हैं। यह सरकार 'क्रोनी कैपिटलिज्म' को बढ़ावा दे रही है। लाखों सरकारी पद खाली पड़े हैं और भर्तियों में पेपर लीक की शिकायतें सामने आती हैं।

श्री गोहिल ने 1991 के आर्थिक संकट का जिक्र करते हुए कहा कि तत्कालीन वित्त मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने आर्थिक सुधारों की शुरुआत कर विदेशी निवेश के लिए रास्ता खोला था। उन्होंने आरोप लगाया कि आज विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से लगातार पैसा निकाल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स शून्य किया था, जबकि मोदी सरकार ने इसे 12.5 प्रतिशत कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर क्यों हो रहा है और लगातार बिकवाली क्यों की जा रही है। श्री गोहिल ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों और शेयर बाजार में निवेश को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित