रायपुर , अगस्त 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने कांग्रेस पर नक्सलवाद को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि कांग्रेस के 'डीएनए' का अर्थ अब 'दिमागी नक्सली एसोसिएशन' नजर आने लगा है।श्री पाण्डेय ने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद के कथित तौर पर स्वयं को 'दिमागी नक्सली' बताए जाने संबंधी बयानों पर आपत्ति जतायी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से 'दिमागी नक्सलियों' से सतर्क रहने की अपील के बाद कांग्रेस नेताओं की इस तरह की प्रतिक्रिया दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ लंबे समय तक नक्सली हिंसा से प्रभावित रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, आदिवासियों, सुरक्षा बलों के जवानों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की जान गयी है। ऐसे राज्य से जुड़े रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की ओर से इस तरह के बयान नक्सली हिंसा के पीड़ितों और सुरक्षा बलों के बलिदान का अपमान हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा बलों की ओर से नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने पर कांग्रेस के कुछ नेता मानवाधिकार के नाम पर नक्सलियों के पक्ष में खड़े दिखाई देते हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस और नक्सलवाद के बीच 'वैचारिक निकटता' करार देते हुए कहा कि यह देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए गंभीर विषय है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने दावा किया कि देश और छत्तीसगढ़ की जनता नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख को स्वीकार नहीं करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित