नयी दिल्ली , अक्टूबर 07 -- कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को जंतर-मंतर जा रहे इंडिया गठबंधन के सांसदों को रोकेने और पार्टी नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य को हिरासत में लिए जाने के विरोध में आठ अक्टूबर गुरुवार को देशभर में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने का अपने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है।

कांग्रेस महासचिव एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने आज इस संबंध में जारी पत्र में कहा कि इंडिया गठबंधन के सांसद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में जंतर-मंतर जा रहे थे, लेकिन उन्हें रास्ते में रोक दिया गया और ''ब्रूट फोर्स'' का इस्तेमाल किया गया।

पत्र में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य नेताओं के साथ पुलिस ने कथित तौर पर बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया तथा लाठीचार्ज और चोट पहुंचाने की घटनाएं हुईं। कांग्रेस ने इस घटनाक्रम को ''भारतीय लोकतंत्र के लिए काला दिन'' करार दिया है।

श्री वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों, जिला कांग्रेस कमेटियों तथा ब्लॉक, मंडल कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों से आठ अक्टूबर को राज्य, जिला और ब्लॉक मंडल स्तर पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने को कहा है।

कांग्रेस ने कहा है कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को चुनाव आयोग के पद से नहीं हटाया जाता और चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता बहाल नहीं होती, तब तक उसका संघर्ष जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित