सरगुजा , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों के विरोध में जिला महिला कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की है।शुक्रवार की सुबह माँ महामाया प्रवेश द्वार के पास एक महिला की लाश मिली थी। बलात्कार के बाद की गई इस हत्या के विरोध में शनिवार को कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान चलाया है। महिला कांग्रेस ने जिले में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं का आरोप लगाया है।
महिला कांग्रेस ने इस घटना को अत्यंत जघन्य बताते हुए कहा कि यह दिल्ली के निर्भया कांड की याद दिलाती है। संगठन का कहना है कि यह कोई एकल घटना नहीं है, बल्कि जिले में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। दशहरा के अवसर पर शहर के एक पेट्रोल पंप में एक युवती की हत्या और मणिपुर थाना क्षेत्र के पास संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिलने जैसी घटनाएं भी चिंता का विषय रही हैं।
अभियान के तहत महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर जाकर आम नागरिकों से हस्ताक्षर एकत्र कर रही हैं। इन हस्ताक्षरों को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान की विशेषता यह है कि 11 मीटर लंबी श्वेत साड़ी पर हस्ताक्षर लिए जा रहे हैं, जिसे महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक बताया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित