रांची , जुलाई 22 -- झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में कांग्रेस कार्यालयों के घेराव भाजपा का यह आंदोलन नहीं, बल्कि अपनी विफलताओं, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों से देश का ध्यान भटकाने का सुनियोजित राजनीतिक प्रपंच है।
जो भाजपा पिछले बारह वर्षों से केंद्र की सत्ता में बैठकर महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, किसानों की बदहाली, उद्योगों की बिक्री और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का रिकॉर्ड बना चुकी है, वही आज कांग्रेस कार्यालयों का घेराव कर अपनी राजनीतिक हताशा का प्रदर्शन कर रही है। जनता के सवालों का जवाब देने का साहस भाजपा के पास नहीं बचा है, इसलिए विपक्ष को डराने का असफल प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस के कार्यकर्त्ता इस इस घेराव कार्यक्रम को पूरी तरह से मुकम्मल जवाब देने का काम किया कांग्रेस कार्यालय के समक्ष कांग्रेस के सैकड़ो कार्यकर्ता लगभग घंटों पानी में पूरी तरह भींग कर डटे रहे और चंदा चोर वापस जाओ, छात्रों की हत्यारी सरकार शर्म करो, धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो जैसे नारे लगातार लगा रहे थे।
इस कार्यकर्म में सुनील सहाय, राकेश सिन्हा, लाल किशोर नाथ सहदेव, एम तोसिफ , सोनल शांति, , सुरेंद्र सिंह ,आभा सिन्हा,राजन बर्मा,विजय शंकर नायक,राजेश सिन्हा सनी,अख्तर अली, मुन्नम संजय, प्रो0 उदयप्रकाश, शाहबाज अहमद ,अमरिंदर सिंह दीपक ओझा राजीव नारायण प्रसाद डॉ पी नैयर ,अजय सिंह. जितेंद्र त्रिवेदी, अजय शर्मा,आलोक तिवारी वेद प्रकाश तिवारी जगदीश साहू फिरोज रिजवी मुन्ना मोहम्मद इश्तियाक टुना वारिस कुरैशी, प्रसन्नजीत सिंह, गौरव सिंह, शिल्पी वर्मा, गुलाम रब्बानी, संगीता टोप्पो, पप्पु तिवारी, सहित सैकड़ो कांग्रेसजन शामिल थे।
झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस के मिडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा को यह भ्रम निकाल देना चाहिए कि कांग्रेस के कार्यालयों का घेराव कर वह कांग्रेस की आवाज़ को दबा देगी। कांग्रेस वह पार्टी है जिसके नेताओं ने अंग्रेजों की जेलें भरीं, फांसी के फंदे चूमे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। भाजपा की धमकियों और राजनीतिक नौटंकी से कांग्रेस का एक भी कार्यकर्ता पीछे हटने वाला नहीं है।
भाजपा को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। देश की जनता पूछ रही है कि युवाओं के सपनों का लगातार पेपर लीक किसके शासन में हुआ? महंगाई से आम आदमी की कमर किसने तोड़ी? किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किसने भुला दिया? करोड़ों युवाओं को हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किसने किया और उसे पूरा क्यों नहीं किया? इन सवालों से भागने के लिए भाजपा कांग्रेस कार्यालयों का घेराव कर रही है।
भाजपा लोकतंत्र में विश्वास नहीं करती, बल्कि विपक्ष को दबाने, एजेंसियों का दुरुपयोग करने और राजनीतिक प्रतिशोध की संस्कृति को बढ़ावा देने में विश्वास रखती है। लेकिन भाजपा यह याद रखे कि कांग्रेस न कभी झुकी है और न कभी झुकेगी। झारखंड की धरती से भाजपा की इस अहंकारी और प्रतिशोध की राजनीति का लोकतांत्रिक जवाब दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित