श्रीगंगानगर , अगस्त 14 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ शहर में आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनसे मिलने नहीं दिया गया।
कांग्रेस के कार्यकर्ता एक बड़े काफिले के रूप में उनसे मिलने अनूपगढ़ को रवाना हुए थे, लेकिन पुलिस ने रास्ते में चक 42 एनपी के पास उनको रोक दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता नहरों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं होने की समस्या सहित विभिन्न समस्याओं के संदर्भ में मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे।
पिछले 37 दिनों से अपनी मांग को लेकर धरने पर चक 56 एफ के विद्यार्थियों को भी मुख्यमंत्री से मिलने से रोका गया। आरोप है कि उनके साथ पुलिस द्वारा कथित रूप से धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार किया गया। इसकी जानकारी मिलने पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं विधायक रूपेंद्रसिंह कुन्नर, जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया, रायसिंहनगर ब्लॉक कांग्रेस समिति अध्यक्ष राकेश ठोलिया सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता चक 56 एफ गांव पहुंचे।
इसके बाद सभी कार्यकर्ता विद्यार्थियों की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने के लिए रवाना हुए, लेकिन 42 एनपी टोल नाके के पास भारी पुलिस जाब्ता ने उनको रोक दिया। उन्हें आगे नहीं जाने दिया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मिलकर आम जनता और विद्यार्थियों की समस्या रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने की अनुमति नहीं दी गयी।
राकेश ठोलिया ने बताया कि विद्यार्थियों की प्रमुख मांग एक अध्यापक के स्थानांतरण से संबंधित थी। प्रशासन द्वारा कार्य व्यवस्था के माध्यम से अध्यापक की व्यवस्था के आदेश दिये। बाद में विद्यार्थियों की ओर से केवल पांच बच्चों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलने के लिए भेजा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित