गोरखपुर , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के बूथ अध्यक्षों को विधानसभा चुनाव 2027 में सफलता हासिल करने का मंत्र देने के साथ ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला बोलते हुए इन दोनों दलों को देश में झूठा नैरेटिव फैलाने वाला बताया।

योगी ने बुधवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 के पहले सपा सरकार में प्रदेश में नौकरी या सरकार की योजनाएं, सब पर 'सैफई सिंडिकेट' का कब्जा रहता था और हर जगह इसी सिंडिकेट की मनमानी चलती थी।

उन्होंने कहा कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल मिलाकर 892 बूथ अध्यक्षों के इस सम्मेलन में सभी बूथ अध्यक्षों को आगामी चुनाव में कांग्रेस और सपा की शरारती साजिशों और नकारात्मक नैरेटिव से सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा की शरारत का मुंह तोड़ जवाब देने के लिए सभी बूथ अध्यक्ष कमर कसकर तैयार रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष का नैरेटिव है कि एक झूठ को सच साबित करने के लिए सौ बार झूठ बोलो जबकि भाजपा सिर्फ सत्य पर विश्वास करती है और इसी कारण आज भाजपा विश्वास का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि समाज में दो प्रवृत्तियां होती हैं। एक तरफ देव होते हैं तो दूसरी तरफ दानव। एक तरफ सत्य होता है, भलाई होती है तो दूसरी तरफ असत्य और बुराई। भाजपा देव, सत्य और भलाई के साथ रहती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग अराजकता, उपद्रव, गुंडागर्दी माफियागिरी और लूट में विश्वास करता है जबकि भाजपा का पक्ष समाज में धर्म, उत्सव, विकास और लोक कल्याण के लिए है।

योगी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने समाज में साजिश और शरारत की। कांग्रेस ने एक लाख रुपये देने का झूठा वादा। सपा और कांग्रेस ने आरक्षण पर गलत नैरेटिव फैलाया जबकि सच्चाई यह है कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास को सम्मान मिला तो पीएम के मार्गदर्शन व नेतृत्व में भाजपा ने दिया। देहहित में जिस सरदार वल्लभ भाई पटेल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया, उन्हें भी भाजपा सरकार ने सम्मान दिया। उनकी सबसे ऊंची प्रतिमा बनवाई। कांग्रेस और सपा ने सरदार पटेल व डॉ. आंबेडकर की बजाय जिन्ना को महिमामंडित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित