रायपुर , नवंबर 04 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा है कि लोकतंत्र की रक्षा का दावा करने वाली कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार मिलने पर कांग्रेस इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाती है, जबकि जीत मिलने पर उन्हीं संस्थाओं पर भरोसा जताती है।
मुख्यमंत्री साय ने बुधवार को जशपुर में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की दोहरी राजनीति से जनता को अवगत कराने के उद्देश्य से इस पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
श्री साय ने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में आपातकाल लागू कर विपक्षी नेताओं को जेल भेजने और प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान के अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर कई निर्वाचित गैर-कांग्रेसी सरकारों को बर्खास्त किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता चुनावी पराजय के बाद कभी वोट चोरी के आरोप लगाते हैं तो कभी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम अनुकूल होने पर संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास जताना और प्रतिकूल होने पर उनकी विश्वसनीयता पर प्रश्न उठाना कांग्रेस की दोहरी नीति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ कांग्रेस तथा उसके सहयोगी दलों के राजनीतिक रवैये को जनता के सामने रखने के लिए 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाली जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित