पुणे , अप्रैल 10 -- 'इंडिया अगेंस्ट करप्शन' के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमंत पाटिल ने शुक्रवार को संकेत दिया कि बारामती विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के नाम वापस लेने के बाद महायुति की उम्मीदवार सुनेत्रा पवार की जीत तय है।
यह उपचुनाव 28 जनवरी 2026 को एक विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के असामयिक निधन के कारण हो रहा है।
श्री पाटिल ने महाराष्ट्र की 'राजनीतिक संस्कृति' का सम्मान करते हुए नामांकन वापसी के आखिरी दिन अपने आधिकारिक उम्मीदवार का नाम वापस लेने के विपक्षी दल कांग्रेस के फैसले का उन्होंने स्वागत किया। उन्होंने दावा किया कि चुनावी मैदान में उतरे बाकी उम्मीदवारों ने केवल प्रचार के लिए नामांकन दाखिल किया है। बारामती और महाराष्ट्र के लिए अजीत पवार के योगदान को अमूल्य बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके परिवार की सदस्य सुनेत्रा पवार को निर्विरोध चुनना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होती।
उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से कुछ उम्मीदवारों ने सिर्फ चर्चा में बने रहने के लिए अपना नामांकन वापस नहीं लिया। मैदान में डटे 23 विरोधी उम्मीदवारों के पास न तो ठोस मुद्दे हैं और न ही जनसमर्थन, वहीं दूसरी ओर सुनेत्रा पवार को बारामती में समाज के सभी वर्गों से व्यापक सहानुभूति और समर्थन मिल रहा है।" उन्होंने जोर दिया कि मतदाताओं का रुख स्पष्ट है और अन्य उम्मीदवारों के लिए अपनी जमानत बचाना भी मुश्किल होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित