भरतपुर , मई 27 -- राजस्थान के भरतपुर संभाग में बुधवार को महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) एवं महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

भरतपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर घोड़ा गाड़ी पर दुपहिया वाहन रखा वहीं महंगाई को लेकर महिला कार्यकर्ताओं ने घोड़ा गाड़ी पर चूल्हा रखकर खाना बनाया। भरतपुर में कलेक्ट्रेट में अंदर जाते समय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का मुक्की हुई। कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त कलक्टर को ज्ञापन सौंपा।

सवाई माधोपुर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में किये गए प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई अध्यक्ष आसिब खलीफा एवं अन्य कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। जिसके बाद उन्हें कुछ देर के लिए हिरासत में रखकर बाद में छोड़ दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित