जौनपुर , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री ए के शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके और टीएमसी ने देश की आधी आबादी के साथ महिला शक्ति वंदन विधेयक का विरोध करके विश्वासघात किया है और अपनी महिला विरोधी मानसिकता को पूरी तरह उजागर कर दिया है।
श्री शर्मा ने यहां पत्रकाराें से बातचीत में कहा कि संसद में 16, 17 और 18 अप्रैल को महिला शक्ति वंदन विधेयक संसद में पेश किया गया था, जिसको पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत थी, मगर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके सहित विरोधी अन्य दलों ने इस बिल का विरोध किया जिससे यह पारित न हो सका। इन दलों ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वास घात किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि देश की आधी आबादी को उनका हक देना उपकार नहीं है बल्कि उनका स्वाभाविक अधिकार है। जिन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर पर बाधा डाली है, आने वाले दिनों में होने वाले चुनाव में महिलाओं के कड़े आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित