शाहपुर (कांगड़ा) , सितंबर 05 -- हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र में भलेड़ पावर हाउस के पास शुक्रवार देर रात एक मोटरसाइकिल पर के खाई में गिर जाने से उसपर सवार तीन युवकों की मौत हो गयी।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की दारिणी पंचायत के अंतर्गत झुनेना गांव के निवासी अशोक कुमार, प्रिंस और पवन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दुर्घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी, स्थानीय निवासी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। उप मुख्य सचेतक और शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने अस्पताल का दौरा किया और शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
श्री पठानिया ने पोस्टमार्टम जांच के संबंध में धर्मशाला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी से फोन पर भी बात की और शवों को धर्मशाला ले जाने की व्यवस्था की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक-संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, पार्षद अभिषेक माथुर, पूर्व पार्षद शुभम ठाकुर और अन्य स्थानीय निवासियों ने भी अस्पताल का दौरा किया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित