रायपुर , अगस्त 17 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने कांकेर जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण के लिए सात करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत सिंगारभाट स्टेडियम की चिह्नित भूमि पर चार हजार दर्शक क्षमता वाला स्टेडियम बनाया जाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने सोमवार को बताया कि उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने राशि की स्वीकृति का आदेश जारी किया है। स्वीकृत राशि से स्टेडियम में 400 मीटर का आठ लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, मिनी जिम, महिला एवं पुरुष शौचालय, सीसी रोड, आरसीसी ड्रेन और ओपन स्टेज का निर्माण किया जाएगा।

श्री साव ने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्रियों और संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने निर्माण कार्य की निविदा निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के साथ ही प्राक्कलन और कार्य निष्पादन में मितव्ययिता सुनिश्चित करने को कहा है। निर्माण एजेंसी को अनुबंधित अवधि के भीतर काम पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

विभाग के मुताबिक निर्माण कार्य के लिए अनावश्यक समय-वृद्धि नहीं दी जाएगी। अपरिहार्य एवं नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी समय-सीमा बढ़ा सकेंगे। निर्धारित अवधि में कार्य पूरा नहीं होने पर नियमानुसार अर्थदंड के साथ समय-वृद्धि की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित