कांकेर , मई 02 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शनिवार को नक्सल प्रभावित क्षेत्र में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान एक आईडी ब्लास्ट की घटना सामने आई, जिसमें जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के तीन जवान घायल हो गए। यह घटना कांकेर-नारायणपुर सीमा पर थाना छोटे बेठिया क्षेत्र में डी-माइनिंग अभियान के दौरान हुई।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा बल डी-माइनिंग, एरिया डॉमिनेशन और सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इसी दौरान जवान संदिग्ध क्षेत्र में माइन डिटेक्शन कर रहे थे, तभी नक्सलियों द्वारा पूर्व में प्लांट किया गया आईडी विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर तीन जवान घायल हो गए।

घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित