कांकेर , अक्टूबर 21 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नंदनमारा के पास मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार सुबह बाईपास मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने मार्ग पर पर्याप्त लाइटिंग, स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की। काफी देर तक समझाने की कोशिश की गयी, बाद में एसडीएम मौके पर पहुंचे और उनके लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के नंदनमारा में कल रात सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। दोनों मृतक नंदनमारा के निवासी थे। हादसे के बाद गांव में शोक के साथ नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बाईपास मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने और स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था के अभाव में दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
अपनी मांगों को लेकर आज सुबह ग्रामीणों ने बाईपास मार्ग पर आवागमन रोक दिया। प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चियां भी शामिल हुईं। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि मार्ग पर सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। चक्काजाम के कारण यातायात प्रभावित हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित