कांकेर , नवंबर 07 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिला मुख्यालय स्थित विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता कार्यालय में त्योहार के अवसर पर मिठाई के डिब्बों के बजाय शराब की बोतलें उपहार में दिए जाने का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेताओं द्वारा इस मामले को उजागर किए जाने के बाद विभाग में हलचल मच गई है। वहीं, पुलिस ने कार्यालय से शराब की बोतलें जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिन कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि विद्युत विभाग में त्योहार के दौरान अधिकारियों को उपहार स्वरूप मिठाई के स्थान पर शराब की बोतलें वितरित की जा रही थीं। कांग्रेस ने इसे विभाग में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी नेताओं ने मामले की शिकायत जिला प्रशासन से करने की बात भी कही है।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंची और वहां मौजूद शराब की बोतलों को जांच के लिए जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस कार्यपालन अभियंता को पूछताछ के लिए कोतवाली थाना लेकर गई। इस घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में कोतवाली थाना पहुंच गए।

इधर, कार्यालय में शराब की बोतलें मिलने को लेकर संबंधित अधिकारी ने अनभिज्ञता जताई है। अधिकारी का कहना है कि कार्यालय में शराब की बोतलें कहां से आईं, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले जाया गया और इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। अधिकारी ने इस व्यवहार को अशोभनीय बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित