कांकेर , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ में कांकेर के छोटेबेठिया-परतापुर थाना क्षेत्र के जंगलों में पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक महिला माओवादी कमांडर रूपी को को आज सुरक्षाबल के जवानों ने एक मुठभेड़ में मार गिराया। रूपी तेलगु कैडर की माओवादी थी।

पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, रूपी के पति को मोहला मानपुर में एक मुठभेड़ में मार गिराया गया था। यह मुठभेड़ साल 2025 में हुई थी। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल की सर्चिंग के दौरान उसका शव, हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई, जबकि क्षेत्र में सुरक्षा बलों का अभियान जारी है।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के अनुसार माचपल्ली-आरामझोरा-हिडूर क्षेत्र के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर 13 अप्रैल को सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। अभियान के दौरान माचपल्ली इलाके में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद इलाके की सघन तलाशी में एक महिला माओवादी का शव बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक मृत महिला की पहचान माओवादी कमांडर रूपी के रूप में हुई है, जो डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी बताई गई है। विजय रेड्डी का शव वर्ष 2025 में मानपुर-मोहला क्षेत्र में एक मुठभेड़ के बाद बरामद किया गया था। पुलिस का दावा है कि रूपी बस्तर क्षेत्र में सक्रिय अंतिम तेलुगू माओवादी कैडर थी।

मुठभेड़ स्थल से एक पिस्टल, गोला-बारूद और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। आसपास के इलाकों में पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित