कांकेर , मई 08 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पीडब्ल्यूडी विभाग के एकाउंटेंट के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित एकाउंटेंट ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, पीडब्ल्यूडी विभाग में कार्यरत एकाउंटेंट सूरज कुमार साहू ने आरोप लगाया है कि अंतागढ़ से नारायणपुर तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य से जुड़े भुगतान दस्तावेजों में कुछ खामियां पाई गई थीं, जिसकी जानकारी उन्होंने विभागीय कार्यपालन अभियंता (ईई) को दी थी।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर संबंधित ठेकेदार अचानक एकाउंटेंट के घर पहुंचा और वहां अभद्रता करते हुए मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, घटना के समय परिवार के सदस्य भी मौजूद थे, जिससे पूरे परिवार को मानसिक आघात पहुंचा है।
इस मामले में भानुप्रतापपुर एसडीओपी शेरबहादुर सिंह ने बताया कि एकाउंटेंट द्वारा मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित