कांकेर , मई 26 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र में संयुक्त सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सली जमा सामग्री बरामद की है।
पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुन्दरराज पी., पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी रणधीर सिंह गिल के निर्देशन में सीमावर्ती संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार संयुक्त तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 25 मई को थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र अंतर्गत कांकेर-नारायणपुर सीमा के ग्राम गुमचूर के जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम द्वारा संयुक्त तलाश अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद की गई।
बरामद सामग्री में .303 रायफल के 42 राउंड, 7.62 एसएलआर के 75 राउंड, 5.56 रायफल के 21 राउंड, दो एसएलआर मैग्जीन फिलर, एक स्टील कंटेनर, छह इलेक्ट्रिक डेटोनेटर तथा नक्सल साहित्य शामिल है।
इसी तरह थाना परतापुर क्षेत्र के ग्राम पदालमस्पी के जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए तलाश अभियान में सुरक्षा बलों ने एक देशी पिस्टल, लगभग दो किलोग्राम वजनी टिफिन आईईडी, पावर कंट्रोलर, वायर एवं बैटरी बरामद की।
सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांकेर एवं नारायणपुर के सीमावर्ती नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सघन जांच अभियान और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित