भागलपुर , नवंबर 07 -- िहार के भागलपुर जिले में स्थित कहलगांव ताप विधुत परियोजना में शनिवार को देश की सबसे बड़ी विधुत उत्पादक एवं महारत्न कंपनी एनटीपीसी का 52 वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परियोजना के प्रशासनिक भवन परिसर में शनिवार को आयोजित एक समारोह में परियोजना प्रमुख रविंद्र शर्मा ने एनटीपीसी ध्वज फहरा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कहलगांव विधुत परियोजना की प्रमुख उपलब्धियों, महत्वपूर्ण गतिविधियों एवं प्रगति के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक प्रगति में एनटीपीसी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिबद्धता, कार्यकुशलता, नवाचार और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से संस्थान की विकास यात्रा का नेतृत्व करें तथा भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए अग्रणी भूमिका निभाएँ।

इस दौरान नई दिल्ली स्थित एनटीपीसी मुख्यालय से एनटीपीसी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) गुरदीप सिंह के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। संदेश में श्री सिंह ने संगठन की भावी प्राथमिकताओं, कार्यसंस्कृति में निरंतर सुधार तथा उत्कृष्टता की दिशा में सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया। कर्मचारियों ने संबोधन से प्राप्त संदेशों एवं विचारों को आत्मसात करते हुए संस्थागत प्रणालियों और कार्यप्रक्रियाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में सार्थक पहल करने का संकल्प लिया।

समारोह में महाप्रबंधक द्वय मनोरंजन परिदा, विकास चक्रवर्ती, एजीएम एचआर (प्रभारी)मनोरंजन सारंगी, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के समादेष्टा भारती नंदन, सृष्टि समाज की अध्क्षया श्रीमती ज्योति गौतम, उपाध्यक्ष मधुमिता दास, सुमना चक्रवर्ती, वंदिता पात्रा ,रीता रजक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं कई कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिगण भी उपस्थित थे।

यह आयोजन एनटीपीसी की गौरवशाली विरासत, उपलब्धियों और भविष्य के प्रति अटूट संकल्प का प्रतीक बना। यह अवसर न केवल अब तक की विकास यात्रा का उत्सव था, बल्कि आने वाले वर्षों में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने, तकनीकी उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का भी अवसर रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित