महराजगंज , अक्टूबर 14 -- उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति' (फेज-6.0) के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए महराजगंज पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में शारदीय नवरात्रि और आगामी दीपावली के पावन अवसर पर सिसवा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) निचलौल, रवीन्द्र कुमार सिंह की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों व कर्मियों ने छात्राओं को खाद्य सामग्री, मिठाई और दीपावली से जुड़ी उपहार सामग्री वितरित की। पुलिस टीम ने छात्राओं के साथ त्योहार की खुशियां साझा करते हुए उनके बीच अपनत्व और विश्वास का संदेश दिया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को 'मिशन शक्ति' के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया। साथ ही, किसी भी प्रकार की असुरक्षा या समस्या होने पर बिना किसी संकोच के पुलिस हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस बल की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्राओं को शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास बनाए रखने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि महराजगंज पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सहायता के लिए हर समय तत्पर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित