श्रीनगर , फरवरी 19 -- जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरी शीत ऋतु में बारिश में काफी कमी देखी जा रही है। इस वर्ष सर्दी के मौसम कश्मीर इलाके में56 प्रतिशत और जम्मू संभाग में 35 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी है।

मौसम विभाग के मुताबिक एक से 19 फरवरी के बीच दोनों संभागों में बारिश सामान्य से काफी कम रही।

कश्मीर संभाग में 62.77 एमएम बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 145.26 एमएम होती है, यानी 56.79 प्रतिशत की कमी। जम्मू संभाग में 111.25 एमएम बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 172.39 एमएम होती है, यानी 35.47 प्रतिशत की कमी।

कश्मीर घाटी के अधिकतर जिलों में मौसमी बारिश में बड़ी कमी देखी गयी। कुपवाड़ा में 74 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी, जबकि बांदीपोरा और शोपियां दोनों में 73 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी। कुलगाम में 70 प्रतिशत और श्रीनगर में 55 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी। पुलवामा में 32 प्रतिशत की कमी देखी गयी, जबकि गंदेरबल में सबसे कम 18 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी।

अधिकारियों ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग हिमालयी राज्यों के लिए तैयारी और जलवायु अनुकूलन को बेहतर बनाने के लिए एक अति-स्थानीय मौसम पूर्वानुमान प्रणाली शुरू करने की योजना बना रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित